सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में चरणबद्ध तरीके से कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। यह ड्राइव मई–जून 2025 पासआउट एवं वर्ष 2026 के अंतिम सेमेस्टर के स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई। विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन कम्प्यूटर साइंस विभाग के रामानुजन सभागार में हुआ l जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्लेसमेंट सेल की प्रमुख प्रो. कंचन भाटिया ने बताया कि प्लेसमेंट के लिए आईबीसी24, विस्तार न्यूज, अमर उजाला, दैनिक जागरण(डिजिटल), हरिभूमि तथा राज एक्सप्रेस जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि अलग-अलग दिन प्लेसमेंट के लिए विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचे थे l प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा, समूह चर्चा और साक्षात्कार आयोजित किए। प्लेसमेंट ड्राइव में भोपाल स्थित मुख्य परिसर के पत्रकारिता, जनसंचार, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और संचार शोध के छात्र-छात्राओं सहित विश्वविद्यालय के रीवा, दतिया परिसर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को मीडिया उद्योग की आवश्यकताओं, डिजिटल पत्रकारिता, कंटेंट निर्माण तथा इंटरव्यू की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि भविष्य में और बड़े मीडिया समूहों को भी आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नेटवर्क 18 जैसे बड़े मीडिया नेटवर्क तथा विभिन्न विज्ञापन कंपनियाँ कैंपस विज़िट के लिए आएंगी, जिससे विद्यार्थियों को और बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। चयन प्रक्रिया अभी जारी है और संबंधित संस्थानों द्वारा अंतिम परिणाम जल्द घोषित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के करियर निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया प्लेसमेंट ड्राइव में एंकर, रिपोर्टर, डिजिटल प्रोड्यूसर, कॉपी राइटर, एसईओ कंटेंट राइटर, वीडियो एडिटर, कैमरामैन/लाइटमैन, बुलेटिन प्रोड्यूसर और सोशल मीडिया एग्जीक्यूटिव जैसे विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई।

#माखनलाल_चतुर्वेदी_विश्वविद्यालय #कैंपस_प्लेसमेंट #मेगा_ड्राइव #रोजगार_अवसर #उच्च_शिक्षा