सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने हम सबको अहिंसा का मार्ग दिखाया और स्वदेश से प्रेम करना सिखाया। उन्होंने सदैव स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को प्रोत्साहित किया। गांधी के विचार आज भी देश को मार्गदर्शन देते हैं और उनके बताए रास्ते पर चलकर ही भारत आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री यादव कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित गांधी जयंती कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गांधी की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि गांधी जी के आदर्श सदा प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे। इस अवसर पर उन्होंने सभी के साथ ‘महात्मा गांधी अमर रहें’ का उद्घोष किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रारंभ हुआ सेवा पखवाड़ा का औपचारिक समापन गांधी जयंती पर हो गया है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर के मुख्य द्वार पर स्थित शास्त्री की प्रतिमा और उनके चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। उन्होंने कहा कि देश को ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देने वाले शास्त्री का राष्ट्रप्रेम और उनके आदर्श हम सबके लिए सदैव पथप्रदर्शक रहेंगे। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, विधायक हितानंद शर्मा, सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवान दास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय और रविंद्र यति सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

#महात्मागांधी #अहिंसा #मुख्यमंत्रीयादव #गांधीजयंती #भोपाल