सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश के अंतर्गत संचालित मध्यप्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने बेंगलुरु में आयोजित 5वीं राष्ट्रीय ओपन जंप प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और तकनीकी कौशल का उत्कृष्ट परिचय दिया। अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आदित्य रघुवंशी ने पुरुष हाई जंप स्पर्धा में 2.13 मीटर की शानदार छलांग लगाकर रजत पदक प्राप्त किया। उनका यह प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश की एथलेटिक्स प्रतिभा की मजबूत उपस्थिति को दर्शाता है। कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच यह उपलब्धि उनके निरंतर अभ्यास और समर्पण का परिणाम है। वहीं पुरुष पोल वॉल्ट स्पर्धा में मध्यप्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार ने 5.25 मीटर की ऊँचाई पार करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि के साथ दोनों खिलाड़ियों ने वर्ष 2026 में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई करने का गौरव हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों के लिए बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 के कॉमनवेल्थ गेम्स 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में आयोजित किए जाएंगे, जिसमें इन खिलाड़ियों को भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकता है। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन प्रदेश की खेल नीतियों और अकादमियों में उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं का सकारात्मक परिणाम है। मध्यप्रदेश एथलेटिक्स अकादमी में खिलाड़ियों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धति, अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और आधुनिक खेल अधोसंरचना उपलब्ध कराई जा रही है। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और मध्यप्रदेश की खेल उपलब्धियों में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ेगी।
#मध्यप्रदेशएथलेटिक्सअकादमी #नेशनलजंप्स #आदित्यरघुवंशी #हाइजंप #खेलसमाचार #एथलेटिक्स #युवाखिलाड़ी #खेलप्रतिभा #राष्ट्रीयप्रतियोगिता #मध्यप्रदेशखेल