सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एलएनसीटी कोलार कैंपस में आयोजित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी), भोपाल के तत्वावधान में राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2025-26 में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में भोपाल नोडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल प्रथम स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन लक्ष्मीनारायण कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एलएनसीटी, भोपाल द्वारा किया गया। राज्य के विभिन्न नोडल जैसे इंदौर, जबलपुर, उज्जैन और सागर से 80 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए। पुरुष वर्ग में भोपाल नोडल ने 44 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जबलपुर नोडल 20 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहा। महिला वर्ग में भी भोपाल नोडल ने 38 अंकों के साथ ओवरऑल प्रथम स्थान अर्जित किया, जबकि जबलपुर नोडल 16 अंकों के साथ द्वितीय रहा। महिला वर्ग में विभिन्न वेट कैटेगरी में पाखी रावत, राही पाठक, सारिका सिंह गौतम, गरिमा नरवरे और प्रिया बघेलवाल सहित खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीते। पुरुष वर्ग में चेतन पटेल, कृष्ण शास्त्री, मोहम्मद सिराज, सत्यम द्विवेदी, क्षितिज सिंह, दीपक कुर्मी, आदित्य ठाकुर और आकाश सुनमोरिया ने क्रमशः स्वर्ण पदक प्राप्त किए। पूमसे व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में भी भोपाल नोडल ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर के.टी. चतुर्वेदी (डीएसडब्ल्यू, आरजीपीवी), विवेक श्रीवास्तव (एलएन पैरामेडिकल) एवं पंकज जैन (स्पोर्ट्स डायरेक्टर, एलएनसीटी) ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही रेफरी और अन्य नोडल से आए खेल अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता ने न केवल खिलाड़ियों के कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा दिया, बल्कि राज्य स्तर पर ताइक्वांडो खेल को लोकप्रिय बनाने और युवाओं में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। प्रतियोगिता का आयोजन खिलाड़ियों को अनुशासन, टीमवर्क और खेल में उत्कृष्टता की सीख देने के उद्देश्य से किया गया था। इस प्रकार, एलएनसीटी भोपाल नोडल ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता साबित की।
#एलएनसीटी #आरजीपीवी #ताइक्वांडो #भोपालनोडल #खेलसमाचार #छात्रखेल #विजेता