सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राजधानी स्थित एलएन आयुर्वेद कॉलेज एंड हॉस्पिटल ने शैक्षणिक एवं अनुसंधान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है। संस्थान के दो प्रमुख शोध प्रोजेक्ट्स का चयन भारत सरकार के केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान परिषद (सीसीआरएएस) द्वारा संचालित प्रतिष्ठित चिंगारी 4.0 (2025-26) कार्यक्रम के लिए किया गया है। यह उपलब्धि राष्ट्रीय स्तर पर आयुर्वेद शोध के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता और गुणवत्ता को रेखांकित करती है।
संस्थान की छात्रा विदुषी जैन (तृतीय वर्ष) और छात्र वत्सल टांक (द्वितीय वर्ष) ने अपने नवाचार और अथक प्रयास से इस गौरवपूर्ण मुकाम को हासिल किया है। इन शोध कार्यों को डॉ. निर्मला सावरकर (प्रोफेसर, शल्य तंत्र विभाग) और डॉ. शांति मन्याला (एसोसिएट प्रोफेसर, अगद तंत्र विभाग ) के कुशल एवं तकनीकी मार्गदर्शन में पूर्ण किया गया है। विद्यार्थियों की इस सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि सही दिशा और निरंतर शोध से आयुर्वेद के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कॉलेज के प्रिंसिपल सपन जैन, डायरेक्टर विशाल शिवहरे और वाइस प्रिंसिपल वर्षा वंजारी ने हर्ष व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं एवं उनके मेंटर्स को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। संस्थान के प्रबंधन ने इस अवसर पर कहा कि महाविद्यालय सदैव अपने विद्यार्थियों को शोध और अन्वेषण के प्रति प्रोत्साहित करने हेतु तत्पर रहता है। यह सफलता समर्पण के माध्यम से प्राप्त उपलब्धि का एक जीवंत उदाहरण है।
#भारत #ताज़ाखबर #आजकीखबर #शिक्षा #नवाचार #स्वास्थ्यसमाचार #नईउपलब्धि