सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  / नई दिल्ली  :   जुलाई 2025 में शेयर बाजार की गिरावट का असर देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी, भारतीय जीवन बीमा निगम के इक्विटी पोर्टफोलियो पर साफ दिखाई दिया है। बाजार में लगातार गिरावट के चलते एलआईसी को अब तक करीब ₹46,000 करोड़ का नुकसान हुआ है।

30 जून को भारतीय जीवन बीमा निगम के 322 शेयरों का मूल्य ₹16.10 ट्रिलियन था, जो 25 जुलाई तक घटकर ₹15.64 ट्रिलियन रह गया। यानी पोर्टफोलियो की वैल्यू में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

एलआईसी को सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों से हुआ, जिनके खराब तिमाही नतीजों के बाद कीमतों में बड़ी गिरावट देखी गई। इसके अलावा, चार प्रमुख आईटी कंपनियां—टीसीएस, इंफोसिस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा—ने संयुक्त रूप से एलआईसी को लगभग ₹15,321 करोड़ का घाटा कराया।

हालांकि, एक सकारात्मक पहलू यह भी है कि एलआईसी ने जून तिमाही में 81 नई कंपनियों में निवेश किया और कुछ में हिस्सेदारी घटाई भी है। खासतौर पर सरकारी डिफेंस कंपनियों को पोर्टफोलियो में जोड़ा गया है।

बावजूद इसके, अप्रैल 2025 से अब तक एलआईसी का कुल पोर्टफोलियो मूल्य ₹1.94 ट्रिलियन बढ़ा है। इसका मतलब है कि बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद, दीर्घकालिक दृष्टिकोण से एलआईसी की निवेश रणनीति अब भी मजबूत बनी हुई है।

#एलआईसी, #शेयरबाजार, #घाटा, #रिलायंस, #आईटीकंपनियां, #निवेश, #इक्विटी