सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पटना में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लालू प्रसाद यादव को 13वीं बार राष्ट्रीय जनता दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया। यह निर्णय निर्विरोध रूप से लिया गया, क्योंकि उनके खिलाफ किसी अन्य नेता ने नामांकन दाखिल नहीं किया था। 23 जून को लालू यादव ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। इस घोषणा के साथ वे अब 2028 तक पार्टी की कमान संभालते रहेंगे।

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, और पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक तथा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। लालू यादव और राबड़ी देवी ने मंच से कार्यकर्ताओं का अभिवादन कर पार्टी में एकजुटता का संदेश दिया।

राष्ट्रीय जनता दल  की स्थापना 5 जुलाई 1997 को लालू यादव ने की थी, जब चारा घोटाले में नाम आने के बाद जनता दल से अलग होकर उन्होंने अपनी नई पार्टी बनाई। लालू ने सत्ता बचाने के लिए पत्नी राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बना दिया था।

1997 से अब तक राष्ट्रीय जनता दल का सियासी सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है, लेकिन लालू की पकड़ पार्टी पर बनी रही। अब उन्होंने तेजस्वी यादव को राजनीतिक उत्तराधिकारी बना दिया है, जो पार्टी के प्रमुख चेहरा बन चुके हैं। वर्तमान में राष्ट्रीय जनता दल के पास बिहार विधानसभा में 77 विधायक, लोकसभा में 4 सांसद और राज्यसभा में 5 सदस्य हैं।

#लालू_यादव #राष्ट्रीय_जनता_दल #राजनीति #राष्ट्रीय_अध्यक्ष #तेजस्वी_यादव #बिहार_राजनीति #RJD