सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ अभिषेक के निर्देशन में सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में दिनांक 14-20 फरवरी 2026 तक आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए भोपाल मंडल द्वारा भोपाल रेलवे स्टेशन पर विशेष भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।
यात्रियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु स्टेशन परिसर में अतिरिक्त रेल सुरक्षा बल एवं जीआरपी की तैनाती की गई है। प्लेटफॉर्म, मुख्य प्रवेश/निकास द्वार, फुटओवर ब्रिज तथा आरक्षण एवं सामान्य टिकट काउंटरों पर भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।

सुरक्षा की दृष्टि से स्टेशन पर आने-जाने वाली गाड़ियों, वेटिंग हॉल, पार्सल ऑफिस एवं अन्य संवेदनशील स्थानों की डॉग स्क्वॉड के माध्यम से सघन जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे स्टेशन परिसर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि कुबेरेश्वर धाम मेले के दौरान स्टेशनों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है। साथ ही भोपाल-उज्जैन के मध्य तीन जोड़ी अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेनों का प्रतिदिन संचालन किया जा रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे स्टेशन परिसर में अनावश्यक भीड़ न लगाएं, संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर तत्काल रेलवे सुरक्षा कर्मियों को सूचित करें तथा सुरक्षा जांच में सहयोग प्रदान करें।
भोपाल मंडल यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा हेतु प्रतिबद्ध है और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।
#भारत #ताज़ाखबर #आजकीखबर #खासरिपोर्ट #लाइवअपडेट #जनहित #सार्वजनिकसुरक्षा #यात्रासुरक्षित #नईजानकारी #विश्वसनीयसमाचार