सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नेक द्वारा ए प्लस ग्रेड प्राप्त श्री सत्य साई महिला महाविद्यालय,भोपाल के हिन्दी विभाग द्वारा राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त जयंती पर ‘कवि दिवस’ का आयोजन किया गया। कवि दिवस के अवसर पर छात्राओं ने ‘राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त का रचना संसार’ विषय को आधार बनाकर, उनकी प्रमुख रचनाओं भारत- भारती, यशोधरा, साकेत, उर्मिला, पंचवटी आदि रचनाओं पर काव्य- नाट्य प्रस्तुत किया। उसके माध्यम से छात्राओं ने राष्ट्रकवि की देशप्रेम, नारी जीवन विषयक रचनाओं को मंच पर जीवंत किया। इस काव्य- नाट्य में सभी संकायों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस काव्य- नाट्य की सूत्रधार सुरभि मेसरा ने सुंदर तारतम्यता के साथ राष्ट्रकवि की रचनाओं को एक में एक गुम्फित करते हुए, प्रस्तुतिकरण को अत्यंत प्रभावशाली बना दिया।


इस अवसर पर महाविद्यालय की निदेशक प्रतिभा सिंह, महाविद्यालय की प्राचार्य अर्चना श्रीवास्तव, विधि प्राचार्य अंजू बाजपेयी, उपप्राचार्य रेणू मिश्रा के साथ ही समस्त प्राध्यापिकाएँ व छात्राएँ उपस्थित रहीं। महाविद्यालय की निदेशक प्रतिभा सिंह ने ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन पर बल दिया जो भारतीय संस्कृति और परंपराओं का संस्कार डालते हैं। उन्होंने छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि हम मैथिलीशरण गुप्त के नारी पात्रों से सीख ले सकते हैं कि किस प्रकार एक नारी अपने सीमित स्वार्थ को त्याग कर देश व समाज के हित के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर सकती है। उन्होंने कहा कि भगवान ने नारी को संसार की सर्वश्रेष्ठ कृति बनाया है, जो सृजनात्मक शक्तियों का भंडार है। उन्होंने एक बीज का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार बीज भूमि के भीतर अपनी सकारात्मक शक्ति को जीवित रखते हुए, एक वृक्ष में परिवर्तित होकर संसार को छाया, फल- फूल, प्राणवायु इत्यादि देता है।

वैसी ही शक्ति ईश्वर ने नारी को दी है। उसे आप लोग समझिए और उसका उपयोग कीजिए। प्राचार्य अर्चना श्रीवास्तव ने पुस्तकों के अध्ययन पर बल देते हुए कहा कि हम मोबाइल, गूगल इत्यादि छोड़कर जितना अधिक पुस्तकों का अध्ययन करेंगे, उतनी ही हमारी भाषा और शब्दावली समृद्ध होगी और हमारा प्रस्तुतिकरण प्रभावशाली बनेगा। अतः उन्होंने मैथिलीशरण गुप्त जी जैसे हिंदी साहित्य के मूर्धन्य साहित्यकारों को पढ़ने और उनकी रचनाओं से सीखने पर बल दिया।
विधि प्राचार्य अंजू बाजपेयी ने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस अवसर पर हिन्दी विभाग द्वारा मैथिलीशरण गुप्त जयंती पर विशेष ‘फलक-पत्रिका ‘ का विमोचन भी किया गया। कवि दिवस कार्यक्रम हिन्दी विभाग की प्राध्यापिकाओं विभागाध्यक्ष अनुपमा चौहान, सह प्राध्यापक मनीषा त्रिपाठी, सह प्राध्यापक अनुराधा सिंह व सहायक प्राध्यापक अनीता तिवारी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

#कविदिवस #सत्य_साई_महिला_महाविद्यालय #काव्यनाट्य #सांस्कृतिककार्यक्रम