सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एनसीसी कैडेट कोर यूनिट द्वारा एक विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के वीर सपूतों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या डालिमा पारवानी ने कहा, “कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक दिन नहीं है, बल्कि यह युवाओं को देशप्रेम, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। हमारी छात्राओं को ऐसे कार्यक्रमों से प्रेरणा मिलती है कि वे भी अपने राष्ट्र के लिए कुछ कर गुजरने का जज़्बा रखें।” कार्यक्रम के दौरान सहायक प्राध्यापिका सोनिया शर्मा ने कारगिल विजय दिवस पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को इसके ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराया।

उन्होंने बताया कि यह दिवस भारतीय इतिहास में वीरता, बलिदान और राष्ट्रीय गर्व का प्रतीक है। कारगिल युद्ध ने न केवल हमारे सैनिकों की अटूट संकल्पशक्ति को दर्शाया, बल्कि समस्त देशवासियों को एकजुट कर राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल किया।
कार्यक्रम की एक विशेष प्रस्तुति के रूप में कारगिल युद्ध पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को दर्शाया गया। इस फिल्म ने छात्राओं के मन में देशभक्ति और राष्ट्र सेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया। इस अवसर पर पूरे कॉलेज की छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न खेलकूद गतिविधियाँ जैसे वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन तथा ध्यान अभ्यास (मेडिटेशन) का आयोजन भी किया गया। इन गतिविधियों का उद्देश्य छात्राओं में मानसिक व शारीरिक सशक्तिकरण के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन और आत्मनिष्ठा का विकास करना था। पूरे कार्यक्रम का संयोजन एनसीसी कैडेट कोर समन्वयक शांति शर्मा द्वारा किया गया। समापन के अवसर पर सभी छात्राओं को राष्ट्र सेवा के प्रति सजग एवं संकल्पबद्ध रहने की प्रेरणा दी गई।

#संत_हिरदाराम_कॉलेज #कारगिल_विजय_दिवस #शहीदों_को_श्रद्धांजलि #देशभक्ति #कॉलेज_आयोजन