सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बीजिंग में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की, जिसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तीखा हमला किया। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर टिप्पणी करते हुए लिखा, “विदेश मंत्री अब भारत की विदेश नीति को बर्बाद करने के मकसद से एक पूरी तरह से सर्कस चला रहे हैं।”
राहुल का यह बयान जयशंकर के उस पोस्ट के बाद आया जिसमें उन्होंने राष्ट्रपति जिनपिंग से मुलाकात की जानकारी दी थी। जयशंकर ने कहा कि उन्होंने चीन के राष्ट्रपति को भारत-चीन संबंधों में हुई प्रगति से अवगत कराया।
SCO बैठक में हुआ संवाद
एस. जयशंकर शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए चीन दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने चीनी विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात कर व्यापार, पर्यटन, सीमा विवाद, और सांस्कृतिक संबंधों पर बातचीत की। जयशंकर ने चीन से व्यापारिक प्रतिबंध हटाने और सीधे हवाई मार्ग (डायरेक्ट फ्लाइट्स) दोबारा शुरू करने की मांग की।
आतंकवाद पर भारत का रुख
SCO बैठक में जयशंकर ने आतंकवाद पर भारत की ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति दोहराई। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से निपटने के लिए सभी सदस्य देशों को मिलकर सख्त कदम उठाने चाहिए। साथ ही उन्होंने कैलाश मानसरोवर यात्रा के पुनः आरंभ होने का स्वागत किया।
भारत-चीन रिश्तों में सुधार की उम्मीद
जयशंकर ने चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग से भी मुलाकात की। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2023 में कजान में मोदी-जिनपिंग की मुलाकात के बाद से दोनों देशों के रिश्ते सुधरने लगे हैं। 2025 में भारत-चीन के कूटनीतिक संबंधों के 75 साल भी पूरे हो रहे हैं।
यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब भारत-चीन सीमा विवाद और आर्थिक मोर्चों पर कई संवेदनशील मुद्दे दोनों देशों के संबंधों को प्रभावित कर रहे हैं।
#एसजयशंकर #चीनभारतसंबंध #शीजिनपिंग #भारतीयविदेशनीति #राहुलगांधी #SCOबैठक #कैलाशमानसरोवरयात्रा