सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज ग्वालियर स्थित आईटीएम यूनिवर्सिटी में युवजन संवाद नाम से आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तानसेन की तानों से तरंगित ग्वालियर सचमुच में अद्भुत है। यहाँ के किले इतिहास की गर्वित गाथा गा रहे हैं। इसी भूमि ने अटल जी जैसा राष्ट्रपुरुष हमें दिया है केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बेटा-बेटियों, बड़ा सोचो… अपने लिए नहीं, देश के लिए सोचो। अपने लिए तो सब जीते हैं, कीट-पतंगे भी, पशु-पक्षी भी। लेकिन सच्चा जीवन वही है, जो दूसरों के लिए जिया जाए। जब आप औरों के हित में काम करते हैं, तो आपका व्यक्तित्व और बड़ा होता जाता है। किसानों के श्रम और साधना को नमन करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसान सिर्फ अन्नदाता नहीं है, वह जीवनदाता हैं। किसानों की सेवा करना ही मेरे लिए भगवान की पूजा है। इसी भावना के साथ मैं कृषि मंत्रालय में पूरी निष्ठा से काम कर रहा हूँ। पर्यावरण की रक्षा का कार्यक्रम में मौजूद लोगों को शपथ दिलाते हुए उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना संसार की सबसे बड़ी सेवा है। आप एक पेड़ लगाकर उसकी फोटो अपलोड करेंगे तो मेरा स्वागत हो जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्हें स्वागत में फूल, माला नहीं चाहिए। उन्होंने पेड़ों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि एक पेड़ धरती को हरा-भरा बनाते हैं, पर्यावरण को बचाते हैं और जीव मात्र को जीवन प्रदान करते हैं। कार्यक्रम को संबोधित करने से पहले केंद्रीय मंत्री ने प्रतिदिन पौधरोपण के संकल्प के क्रम में आईटीएम विश्वविद्यालय परिसर में पौधा रोपा।

#आईटीएमयूनिवर्सिटी #ग्वालियर #शिवराजसिंहचौहान #छात्रसंवाद #शिक्षासमाचार #युवासशक्तिकरण