सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने एक सनसनीखेज दावा किया है। गुरुवार को चैनल 13 को दिए इंटरव्यू में काट्ज ने कहा कि इजराइल ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को खत्म करना चाहता था। उन्होंने साफ कहा, “अगर खामेनेई हमारी पहुंच में होते, तो हम उन्हें मार गिराते।”

काट्ज ने यह भी स्पष्ट किया कि खामेनेई को मारने के लिए इजराइल ने अमेरिका से कोई इजाजत नहीं मांगी थी। उन्होंने कहा, “हमें ऐसे मामलों में किसी की अनुमति की आवश्यकता नहीं है।”

इस बयान से पहले अमेरिका के डिफेंस सेक्रेटरी पीट हेगसेथ ने कहा था कि अमेरिका द्वारा 22 जून को ईरान पर किया गया हमला पूरी तरह सफल रहा और ईरान के न्यूक्लियर ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने पेंटागन में जनरल डैन केन के साथ प्रेस ब्रीफिंग में खुफिया रिपोर्ट को खारिज करते हुए इसे “ऐतिहासिक सफलता” बताया।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच इजराइली सेना ने भी घोषणा की कि उसने ऑपरेशन राइजिंग लायन के तहत ईरान में सभी निर्धारित लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। इस 12 दिवसीय सैन्य अभियान में ईरान के सैन्य और परमाणु ढांचे पर गहरे हमले किए गए।

इजराइली रक्षा मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भविष्य में ईरान से कोई खतरा हुआ, तो हमला इस बार गाजा या लेबनान की तुलना में 100 गुना बड़ा होगा।

इस बयानबाजी ने मध्य पूर्व में पहले से तनावपूर्ण हालात को और गंभीर बना दिया है। विश्लेषकों के अनुसार यह घटनाक्रम क्षेत्रीय स्थिरता को और चुनौती दे सकता है।

#खामेनेई #इजराइल #ईरान #हत्या_की_साजिश #मध्य_पूर्व_तनाव #गुप्तचर_एजेंसी #अंतरराष्ट्रीय_राजनीति