सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ईरान पर इजराइली हमले की तीखी आलोचना करते हुए केंद्र सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भारत की ऐतिहासिक कूटनीतिक परंपराएं स्पष्ट, नैतिक और जिम्मेदार रुख अपनाने की रही हैं, लेकिन मौजूदा सरकार की चुप्पी बताती है कि वह इन मूल्यों से भटक रही है।

द हिंदू में प्रकाशित अपने लेख में सोनिया गांधी ने कहा कि ईरान भारत का पुराना और भरोसेमंद मित्र रहा है। उन्होंने 13 जून 2025 को हुए इजराइली हमले को एकतरफा और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समय जब ईरान और अमेरिका के बीच कूटनीतिक वार्ता चल रही थी, उस समय हमला क्षेत्रीय शांति के लिए खतरनाक संकेत है।

सोनिया ने इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू की नीतियों की भी आलोचना करते हुए कहा कि वे शांति प्रयासों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और क्षेत्र में अस्थिरता फैला रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा ईरान को लेकर की गई हालिया बयानबाजी निराशाजनक है, जबकि अमेरिका की खुफिया रिपोर्टें खुद बता चुकी हैं कि ईरान परमाणु हथियार विकसित नहीं कर रहा।

उन्होंने भारत सरकार से अपील की कि अब भी देर नहीं हुई है। भारत को अपने पुराने मित्र ईरान के समर्थन में आवाज उठानी चाहिए और पश्चिम एशिया में शांति के प्रयासों को मजबूत करने के लिए कूटनीतिक पहल करनी चाहिए।

#ईरान #इजराइल #सोनिया_गांधी #भारत_सरकार #गाजा_संघर्ष #पश्चिम_एशिया #अंतरराष्ट्रीय_राजनीति #विदेश_नीति