सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की एक महत्वपूर्ण बैठक में भारत ने पाकिस्तान को कड़ी फटकार लगाई है। भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पार्वथानेनी हरीश ने पाकिस्तान पर आतंकवाद और चरमपंथ को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय समुदाय को उपदेश देने के बजाय आत्ममंथन करे।
राजदूत हरीश ने कहा, “एक ओर भारत है – एक परिपक्व लोकतंत्र, समावेशी समाज और उभरती हुई अर्थव्यवस्था। दूसरी ओर पाकिस्तान है – एक ऐसा देश जो कट्टरता और आतंकवाद में डूबा है, और बार-बार IMF से कर्ज लेने की फितरत रखता है।”
उन्होंने अपने संबोधन में हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए दो टूक कहा कि “भारत आतंकवाद को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं करेगा।”
यह टिप्पणी उस वक्त आई है जब UNSC में “बहुपक्षीयता और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान” पर चर्चा हो रही थी। भारत ने कहा कि जब तक आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति नहीं अपनाई जाती, तब तक शांति और सुरक्षा की बात बेमानी है।
हरीश ने पाकिस्तान पर कटाक्ष करते हुए कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सुरक्षा परिषद का एक सदस्य दूसरों को नैतिकता का पाठ पढ़ाता है, जबकि खुद अंतरराष्ट्रीय मानकों का उल्लंघन करता है।”
भारत की इस तीखी प्रतिक्रिया को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान की दोहरी नीतियों को उजागर करने के रूप में देखा जा रहा है।
#भारत_यूएन_में #पाकिस्तान_पर_वार #आतंकवाद #आईएमएफ_कर्ज #UN_भारत #राजदूत_हरीश #पाकिस्तान_कट्टरता