सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  : एशिया कप 2025 से पहले भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित मुकाबले को लेकर पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप मैच नहीं खेलना चाहिए। उन्होंने हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले और भारत के ऑपरेशन ‘सिंदूर’ का हवाला देते हुए कहा कि देश पहले है, क्रिकेट बाद में।

एशिया कप 9 से 28 सितंबर के बीच यूएई में आयोजित होना है। भारत और पाकिस्तान को ग्रुप ए में शामिल किया गया है, जिसमें यूएई और ओमान की टीमें भी शामिल हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में मुकाबला प्रस्तावित है।

अजहरुद्दीन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “देश में मौजूदा हालात सभी को मालूम हैं। ऐसे में हमें पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने पर दोबारा विचार करना चाहिए। हमारी सेना सीमा पर अपनी जान की बाजी लगा रही है। ऐसे में हम खेल भावना के नाम पर भावनाओं की अनदेखी नहीं कर सकते।”

हालांकि, एशिया कप जैसे टूर्नामेंट राजनीतिक नहीं बल्कि खेल आयोजन होते हैं, लेकिन भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के चलते अक्सर ऐसे मुकाबलों पर विवाद खड़ा होता है। अब देखना होगा कि इस बयान का क्या असर होता है और क्या बीसीसीआई इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया देती है।

#अजहरुद्दीन #एशियाकप2025 #भारतपाकिस्तानमैच #क्रिकेटसमाचार #देशकीसुरक्षा