सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  : वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) 2025 का बहुप्रतीक्षित सेमीफाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच 31 जुलाई को होना तय है, लेकिन मैच से ठीक पहले लीग को बड़ा झटका लगा है। ट्रैवल-टेक कंपनी ईजमायट्रिप, जो WCL की प्रमुख स्पॉन्सर है, ने मैच से हटने का फैसला किया है।

कंपनी के इस फैसले के पीछे हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले को कारण बताया गया है। ईजमायट्रिप के को-फाउंडर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट करते हुए कहा कि “आतंकवाद और क्रिकेट साथ-साथ नहीं चल सकते। हम ऐसे किसी आयोजन का समर्थन नहीं कर सकते जो आतंकवाद को समर्थन देने वाले देश के साथ क्रिकेट संबंध सामान्य करने का प्रयास करे।”

उन्होंने यह भी कहा कि “देश पहले, व्यापार बाद में।” कंपनी ने भले ही WCL के साथ पांच साल का करार किया हो, लेकिन उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वे पाकिस्तान से जुड़े किसी भी मैच से दूरी बनाए रखेंगे।

यह पहली बार नहीं है जब भारत-पाकिस्तान के मैच पर संकट आया है। इससे पहले 20 जुलाई को भी भारतीय खिलाड़ियों के इनकार के चलते दोनों देशों के बीच का एक लीग मैच रद्द कर दिया गया था। इसके बाद आयोजकों को फैंस से माफी मांगनी पड़ी थी।

अब सेमीफाइनल मैच को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। क्या यह मैच खेला जाएगा या नहीं, इस पर WCL की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन कर चुकी है, जिसकी कमान पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह के हाथ में है। उनके साथ टीम में शिखर धवन, सुरेश रैना, इरफान पठान और हरभजन सिंह जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल हैं।

अब देखना यह है कि क्या भारत-पाक मुकाबला अपने तय समय पर होगा या फिर देशहित में कोई बड़ा फैसला लिया जाएगा।

#भारतपाकिस्तानमैच #WCL2025 #क्रिकेटसेमीफाइनल #स्पॉन्सरहटी #ईजमायट्रिप #आतंकवादऔरक्रिकेट