सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एशिया कप सुपर-4 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 6 विकेट से मात दी। इस दौरान पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ (Haris Rauf) मैदान पर अपने बर्ताव को लेकर विवादों में घिर गए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में हारिस रऊफ बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग करते हुए दर्शकों की ओर ‘6-0’ का इशारा करते नजर आए। इतना ही नहीं, उन्होंने हाथ से विमान गिरने जैसा जेस्चर भी किया। यह सब उस समय हुआ जब दर्शक “विराट कोहली, विराट कोहली” के नारे लगा रहे थे। फैंस उन्हें 2022 टी20 वर्ल्ड कप की याद दिला रहे थे, जब विराट कोहली ने उनके ओवर में लगातार दो छक्के जड़कर मैच पलट दिया था।
हारिस रऊफ का यह इशारा भारतीय फैंस को नागवार गुज़रा और अब उन पर आईसीसी की आचार संहिता के उल्लंघन का मामला बन सकता है। नियमों के मुताबिक, किसी भी खिलाड़ी का दर्शकों को उकसाने वाला व्यवहार, भड़काऊ संकेत या अपमानजनक इशारा लेवल-1 या लेवल-2 अपराध की श्रेणी में आ सकता है, जिसमें मैच फीस की कटौती से लेकर बैन तक की सजा दी जा सकती है।
क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि रऊफ के खिलाफ आईसीसी कड़ा कदम उठा सकता है क्योंकि यह मामला सिर्फ खेल भावना के खिलाफ नहीं बल्कि दर्शकों की भावनाओं से भी जुड़ा है। अब देखना होगा कि आईसीसी इस पूरे विवाद पर क्या फैसला सुनाती है।
#HarisRauf #INDvsPAK #AsiaCup2025 #ViratKohli #ICC