सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय संस्कृति, परंपरा, दर्शन और ज्ञान की विरासत को शिक्षा के मुख्यधारा में शामिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2025 सत्र से भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इग्नू क्षेत्रीय केंद्र भोपाल के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक उमेश चंद्र पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक विद्यार्थी https://ignouadmission.samarth.edu.in पर जाकर 15 जुलाई 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।
इग्नू द्वारा प्रस्तुत इन कार्यक्रमों का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा के विभिन्न पहलुओं का गहराई से अध्ययन कर विद्यार्थियों को समग्र रूप से विकसित करना है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना को आत्मसात करते हुए इग्नू द्वारा संचालित इन पाठ्यक्रमों में प्राचीन भारतीय ग्रंथों, संस्कृति, भाषा, दर्शन, खगोलविज्ञान, गणित तथा जीवन मूल्यों की वैज्ञानिक व्याख्या सम्मिलित है। प्रस्तुत प्रमुख कार्यक्रमों में स्नातकोत्तर कला उपाधि (ज्योतिष), स्रातकोत्तर कला उपाधि (संस्कृत), नातकोत्तर कला उपाधि (हिन्दू अध्ययन), स्नातकोत्तर कला उपाधि (भगवद्गीता अध्ययन) और नातकोत्तर कला उपाधि (वैदिक अध्ययन) जैसे विषय शामिल हैं।
ये कार्यक्रम ज्योतिष, वेद, वेदांग, संस्कृत साहित्य, भारतीय दर्शन, धर्म, कर्म, राज्यव्यवस्था, जीवन मूल्य तथा भगवद्गीता के श्लोकों और भाष्य परंपरा का गहन अध्ययन कराते हैं। साथ ही छह माह की अवधि वाले तीन प्रमाणपत्र कार्यक्रम संस्कृत संभाषण (सरल संस्कृत बोलि), वैदिक गणित और भारतीय कालगणना भी विशेष रूप से तैयार किए गए हैं, जो विद्यार्थियों को व्यावहारिक दक्षता, तर्कशक्ति और सांस्कृतिक समझ प्रदान करते हैं।
उपरोक्त सभी कार्यक्रमों की पढ़ाई ओपन डिस्टेंस लर्निंग प्रणाली के अंतर्गत की जाती है, जिससे कार्यरत या दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थी भी आसानी से अध्ययन कर सकते हैं
इग्नू भोपाल के अपर निदेशक अंशुमान उपाध्याय ने बताया कि भारतीय ज्ञान परंपरा का वैज्ञानिक और आधुनिक दृष्टिकोण से अध्ययन आज के युग की आवश्यकता है। इग्नू द्वारा संचालित ये पाठ्यक्रम विद्यार्थियों में न केवल ज्ञान और कौशल का विकास करते हैं, बल्कि उन्हें सांस्कृतिक चेतना और वैश्विक मंच पर प्रतिस्पर्धा के लिए भी तैयार करते हैं। यह पहल भारतीय शिक्षा को आत्मनिर्भर बनाने और संस्कृति से जुड़े रोजगारोन्मुखी विकल्पों को बढ़ावा देने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।
इन कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु विस्तृत जानकारी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट www.ignou.ac.in पर उपलब्ध है। इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्रों या इग्नू क्षेत्रीय केंद्र भोपाल से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं या ईमेल के माध्यम से rcbhopal@ignou.ac.in पर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

#इग्नू #भारतीय_ज्ञान_परंपरा #ऑनलाइन_कोर्स #भारतीय_संस्कृति #शिक्षा_अवसर #IGNOU