सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई सत्र 2025 के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि को 31 जुलाई 2025 तक बढ़ा दिया है। इच्छुक विद्यार्थी अब स्नातकोत्तर, स्रातक, डिप्लोमा, पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा और छह माह की अवधि वाले प्रमाणपत्र कार्यक्रमों सहित 330 से अधिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन 31 जुलाई तक ऑनलाइन https://ignouadmission.samarth.edu.in पोर्टल के माध्यम से कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जुलाई सत्र में द्वितीय वर्ष / सेमेस्टर में पुनः प्रवेश (फिर से दर्ज करना ) की तिथि भी 31 जुलाई 2025 तक बढ़ा दी गई है। समस्त पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी कॉमन प्रॉस्पेक्टस जुलाई 2025 में उपलब्ध है, जिसे www.ignou.ac.in से डाउनलोड किया जा सकता है। इग्नू द्वारा 78 स्नातकोत्तर कार्यक्रम, चार वर्षीय स्रातक स्तर पर 26 पाठ्यक्रम, 22 विषयों में ऑनर्स और सामान्य स्रातक पाठ्यक्रम, 66 पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा, 14 पोस्ट ग्रेजुएट सर्टिफिकेट, 28 डिप्लोमा और 76 प्रमाणपत्र कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। ये सभी कार्यक्रम विद्यार्थियों को लचीले, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्रदान करते हैं।
वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक उमेश चंद्र पाण्डेय भोपाल क्षेत्रीय केंद्र ने बताया कि इग्नू द्वारा संचालित छह माह की अवधि वाले प्रमाणपत्र कार्यक्रम कौशल विकास, सामाजिक जागरूकता और आजीविका सृजन के लिए 18-24 वर्ष के युवाओ के लिए विशेष रूप से उपयोगी हैं। ये पाठ्यक्रम न केवल शिक्षा प्रदान करते हैं, बल्कि विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता के अवसरों से भी जोड़ते हैं। इनमे से कुछ प्रमुख पाठ्यक्रमों में से है, मानव तस्करी निरोध, किशोर स्वास्थ्य परामर्श , कार्यात्मक अंग्रेज़ी, आपदा प्रबंधन, पोषण एवं खाद्य , सूचना प्रौद्योगिकी, प्रथम चिकित्सा , घरेलू स्वास्थ्य देखभाल, मधुमक्खी पालन , मानव अधिकार, फैशन डिज़ाइन , बाल मार्गदर्शन ,ऊर्जा प्रबंधन, पावर डिस्ट्रीब्यूशन, फ्रेंच, जर्मन, व अरबी जैसी विदेशी भाषा जो व्यावहारिक और विषयविशेष आधारित कार्यक्रम शामिल हैं। डॉ. अंशुमान उपाध्याय, अतिरिक्त निदेशक, क्षेत्रीय केंद्र भोपाल ने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में इग्नू द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण 06 माह का कार्यक्रम “जेरिएट्रिक केयर असिस्टेंट” है, जिसे स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सहयोग से विकसित किया गया है। यह कार्यक्रम 12वीं उत्तीर्ण अथवा स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में कम-से-कम दो वर्षों के अनुभव रखने वाले 10वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए उपयुक्त है। इसका उद्देश्य वृद्धजनों को सम्मानजनक और समग्र स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने हेतु बहु-कौशल युक्त देखभालकर्ता तैयार करना है। भोपाल क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत, स्वास्थ्य से संभंधित समस्त पाठ्यक्रमों का संचालन एम्स भोपाल में स्थित अध्ययन केंद्र के माध्यम से किया जा रहा है। इन पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री के साथ-साथ इग्नू द्वारा निर्मित विशेष वीडियो और परामर्श सत्र भी प्रदान किए जाते हैं, जो ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों रूपों में होते हैं।
इग्नू के 06 माह अवधि के सर्टिफिकेट कार्यक्रमों में प्रवेश लेने हेतु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं या 12वीं निर्धारित है, और कुछ कार्यक्रमों में अनुभव आधारित पात्रता भी मान्य है। इनका उद्देश्य युवाओं, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, गृहणियों, एनजीओ प्रतिनिधियों और ग्रामीण उद्यमियों को प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। अधिकांश कार्यक्रम हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध हैं, जिससे प्रदेश के ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थी भी सहज रूप से लाभ उठा सकते हैं।
प्रवेश से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए विद्यार्थी इग्नू की वेबसाइट www.ignou.ac.in, ईमेल rcbhopal@ignou.ac.in, अथवा इग्नू भोपाल क्षेत्रीय केंद्र से सीधे संपर्क कर सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थी अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन कर, इग्नू के गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों से जुड़ने का अवसर प्राप्त करें।

#इग्नूप्रवेश2025 #इग्नूजुलाईसत्र #शिक्षासूचना #ऑनलाइनप्रवेश #IGNOU