सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) द्वारा जनवरी सत्र 2026 के लिए विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 31 जनवरी 2026 तक इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध समर्थ एडमिशन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, द्वितीय वर्ष/सेमेस्टर में पुनः प्रवेश की प्रक्रिया भी जारी है, जिसकी अंतिम तिथि 15 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है।
डॉ. उमेश चन्द्र पाण्डेय, वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक, क्षेत्रीय केंद्र भोपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जनवरी सत्र 2026 में इग्नू द्वारा परास्नातक, स्नातक, डिप्लोमा तथा 6 माह के प्रमाणपत्र सहित 330 से अधिक शैक्षणिक कार्यक्रमों में प्रवेश प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि यूजीसी द्वारा जारी ड्यूल डिग्री दिशा-निर्देशों के अंतर्गत विद्यार्थी पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ दूरस्थ अथवा ऑनलाइन माध्यम से दूसरी डिग्री भी प्राप्त कर सकते हैं।
डॉ. पाण्डेय ने बताया कि इग्नू के पाठ्यक्रम सभी आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी होने के कारण अधिकाधिक उपयोगी है । डाटा साइंस, होम साइंस, कम्युनिटी डेवलपमेंट, कंप्यूटर एप्लीकेशन, इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी, जियोइंफॉर्मेटिक्स, भूगोल, अर्बन प्लानिंग, पापुलेशन स्टडीज, विदेशी भाषाएँ, प्रबंधन आदि अनेक रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं, जो युवाओं को ज्ञानवर्धन के साथ-साथ नए रोजगार अवसरों हेतु सक्षम बनाते हैं। कई पाठ्यक्रमों में मल्टीपल एग्ज़िट की सुविधा भी उपलब्ध है।
भारतीय ज्ञान परंपरा को उच्च शिक्षा में एकीकृत करने हेतु क्षेत्रीय केंद्र भोपाल द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। संस्कृत संभाषण, भारतीय काल गणना, वैदिक गणित, ट्राइबल स्टडीज, योग, पेंटिंग, थिएटर आर्ट, हिंदुस्तानी/कर्नाटक संगीत, ज्योतिष, वैदिक अध्ययन, हिन्दू अध्ययन, भगवद् गीता अध्ययन, वास्तु एवं संस्कृत जैसे विषयों में पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं, जिन्हें केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, भोपाल परिसर स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र से संचालित किया जाएगा।
अपर निदेशक डॉ. अंशुमान उपाध्याय ने बताया कि जनवरी सत्र 2026 के सभी प्रवेश पूर्णतः ऑनलाइन किए जा रहे हैं। आवेदन से पूर्व अभ्यर्थियों को अपनी अपार आईडी , पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) एवं श्रेणी प्रमाण पत्र की स्कैन कॉपी तैयार रखनी होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि पंजीकरण हेतु अपना स्वयं का मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी का ही प्रयोग करें। आवेदन शुल्क का भुगतान क्रेडिट/डेबिट कार्ड अथवा नेट बैंकिंग के माध्यम से किया जा सकता है।
प्रवेश से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक विद्यार्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट, निकटतम अध्ययन केंद्र, क्षेत्रीय केंद्र भोपाल अथवा ई-मेल rcbhopal@ignou.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं।
#इग्नूप्रवेश #जनवरीसत्र2026 #इग्नून्यूज़ #उच्चशिक्षा #दूरस्थशिक्षा