सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2025 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तिथि 15 अगस्त तक बढ़ा दी है। विद्यार्थी स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और छह माह की अवधि वाले प्रमाणपत्र कार्यक्रमों सहित 330 से अधिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए https://ignouadmission.samarth.edu.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही द्वितीय वर्ष सेमेस्टर में पुनः प्रवेश (Re-registration) की तिथि भी 15 अगस्त तक बढ़ा दी गई है।
वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक उमेश चंद्र पाण्डेय ने बताया कि इग्नू भोपाल क्षेत्रीय केंद्र जनजातीय क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के प्रचार-प्रसार हेतु “वन्या” सामुदायिक रेडियो के माध्यम से टॉक शो और साक्षात्कार आयोजित करने की योजना बना रहा है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा से जोड़ना है।
इग्नू ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत स्नातक स्तर पर 3 वर्षीय बैचलर ऑफ आर्ट्स और बैचलर ऑफ साइंस कार्यक्रम प्रारंभ किए हैं, जिनमें छात्र बहु-विषयक विकल्पों के साथ ऑनर्स डिग्री प्राप्त कर सकते हैं। बीए में 14 मानविकी विषय और बीएससी में 7 विज्ञान विषय उपलब्ध हैं, जो हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में पढ़ाए जाते हैं।
अतिरिक्त निदेशक अंशुमान उपाध्याय ने बताया कि “प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा में डिप्लोमा” कार्यक्रम बाल विकास, पोषण, स्वास्थ्य और चाइल्ड केयर सेवाओं को लेकर व्यावहारिक ज्ञान देता है। इस कार्यक्रम में 0 से 6 वर्ष के बच्चों की विकासात्मक ज़रूरतों को समझने पर जोर है और इसके अंतर्गत प्रोजेक्ट कार्य भी शामिल है। यह कार्यक्रम हिंदी, अंग्रेजी और तमिल में उपलब्ध है।
इसी प्रकार, “पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा” डिप्लोमा पोषण और सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने वालों के लिए उपयोगी है और यह ओपन लर्निंग व ऑनलाइन दोनों मोड में उपलब्ध है। इच्छुक छात्र इग्नू की वेबसाइट या भोपाल क्षेत्रीय केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

#इग्नू #प्रवेश #अंतिमतिथि #ऑनलाइनपंजीकरण #शिक्षा