सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई सत्र 2025 के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 15 सितंबर 2025 कर दिया है। इच्छुक विद्यार्थी स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और एक वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा कार्यक्रमों में https://ignouadmission.samarth.edu.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही, पुनः पंजीकरण (री-रजिस्ट्रेशन) की अंतिम तिथि भी 200/- रुपये विलम्ब शुल्क के साथ 15 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। द्वितीय वर्ष या सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले छात्र भी ऑनलाइन री-रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। डॉ. अंशुमान उपाध्याय, अतिरिक्त निदेशक, इग्नू क्षेत्रीय केंद्र भोपाल ने बताया कि जुलाई सत्र में इग्नू द्वारा 78 पाठ्यक्रम परास्नातक स्तर, चार वर्षीय स्नातक स्तर पर 26 पाठ्यक्रम, सामान्य स्नातक एवं ऑनर्स स्तर पर 22 विषय, और पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा स्तर पर 66 पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा, डिप्लोमा स्तर पर भी कई रोजगारोन्मुख और कौशल आधारित पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।
इग्नू द्वारा संचालित कुछ प्रमुख पाठ्यक्रमों में इनफॉर्मेशन सिक्योरिटी, आपदा एवं जोखिम प्रबंधन, भगवद गीता स्टडीज, अर्बन स्टडीज, डायस्पोरा एंड माइग्रेशन स्टडीज, भूगोल, भू-सूचना विज्ञान, स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट, ग्रामीण विकास, समाज कार्य और पत्रकारिता शामिल हैं। ये कोर्स युवाओं को ज्ञान के साथ-साथ व्यावसायिक और नैतिक रूप से सक्षम बनाने पर केंद्रित हैं। डॉ. उपाध्याय ने बताया कि डिजिटल युग में इनफॉर्मेशन सिक्योरिटी पाठ्यक्रम व्यक्तिगत डेटा सुरक्षा और साइबर सुरक्षा तकनीक सिखाता है। आपदा एवं जोखिम प्रबंधन कोर्स राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप तैयार किया गया है। भगवद गीता स्टडीज कोर्स विशेष रूप से पुलिस बल और युवाओं के आत्मिक विकास में सहायक है। भूगोल एवं भू-सूचना विज्ञान पाठ्यक्रम इसरो, डीआरडीओ, आईआईटी और सी-डैक जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से विकसित किए गए हैं, जो छात्रों को पर्यावरण, संसाधन प्रबंधन और तकनीकी दक्षता में प्रशिक्षित करते हैं।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि यूजीसी के नवीनतम दिशा-निर्देशों के अनुसार छात्र अब एक साथ दो डिग्री/डिप्लोमा/प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में अध्ययन कर सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थी www.ignou.ac.in पर जाकर कॉमन प्रॉस्पेक्टस के माध्यम से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। किसी भी अतिरिक्त जानकारी के लिए इग्नू क्षेत्रीय केंद्र भोपाल या नजदीकी अध्ययन केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।

#इग्नू #प्रवेश2025 #ऑनलाइनआवेदन #शिक्षा #डिप्लोमा #स्नातक #स्नातकोत्तर