सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल   /   मुंबई  :   हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने तरुण गर्ग को नया मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (एमडी-सीईओ) नियुक्त किया है। वे कंपनी के इतिहास में पहले भारतीय होंगे जो इस पद का नेतृत्व करेंगे। तरुण गर्ग 1 जनवरी 2026 से अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। वर्तमान में वे कंपनी में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर हैं। हालांकि, इस नियुक्ति के लिए अभी शेयरहोल्डर्स की मंजूरी बाकी है, तब तक उन्हें एमडी-सीईओ डेजिग्नेट कहा जाएगा। तरुण गर्ग दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल इंजीनियर हैं और आईआईएम लखनऊ से एमबीए  की डिग्री प्राप्त की है। उनके पास ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में 30 साल से अधिक का अनुभव है। उन्होंने मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड में अपने करियर की शुरुआत की थी और वहां से लेकर एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (मार्केटिंग, लॉजिस्टिक्स, पार्ट्स और एक्सेसरीज) तक के कई महत्वपूर्ण पद संभाले।

हुंडई में रहते हुए गर्ग ने कंपनी की मार्केट पहुंच और मुनाफे में वृद्धि के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने डिजिटल मार्केटिंग, प्रीमियम चैनल डेवलपमेंट, ग्रामीण बाजार विस्तार और यूज्ड-कार सेगमेंट में पहल की। उन्होंने नौ हुंडई मॉडलों में एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम फीचर लॉन्च किया। कंपनी ने बताया कि गर्ग के नेतृत्व में हुंडई भारत में वॉल्यूम ग्रोथ, ब्रांड वैल्यू और कस्टमर सैटिस्फैक्शन में संतुलन बनाएगी। उनका अनुभव और उद्योग ज्ञान कंपनी की दीर्घकालिक रणनीति को सुदृढ़ करने और स्मार्ट मोबिलिटी सॉल्यूशंस प्रदाता बनने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।

#हुंडई #तरुणगर्ग #MD_CEO #ऑटोमोबाइल #नईनियुक्ति