सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार नशे से दूरी, है जरूरी अभियान का शुभारंभ किया गया। इस सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुँचाने हेतु संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने मुगालिया हाट, ग्राम में विविध जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया।


इस अवसर पर एनएसएस की स्वयंसेविकाओं द्वारा गांव में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें पूरे गांव में भ्रमण कर नशे से दूर रहें – स्वस्थ जीवन अपनाएं का संदेश दिया गया। स्वयंसेविकाओं ने प्रेरक वक्तव्य के माध्यम से ग्रामवासियों को नशा छोड़ने हेतु प्रेरित किया। एक पेड़ माँ के नाम जैसे संवेदनशील विषयों को जोड़ते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। ग्रामवासियों को बताया गया कि जैसे माँ हमें जीवन देती हैं, वैसे ही पेड़ हमें जीवनदायिनी वायु प्रदान करते हैं। इसी कड़ी में ग्राम के शासकीय विद्यालय में जाकर बच्चों को भी इस अभियान से जोडा गया।
इस अवसर पर ग्राम सचिव द्वारा भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही कॉलेज परिसर में इसी अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें महाविद्यालय की प्राचार्या डालिमा पारवानी, एन.एस.एस. यूनिट की कार्यक्रम अधिकारी मीना बरसे, प्रो. कंचन चतुर्वेदी एवं प्रो. जाह्नवी देतानी, एन.एस.एस. की स्वयंसेविकाओं नें भाग लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डालिमा पारवानी ने कहा, कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए ऐसे अभियान अत्यंत आवश्यक हैं। जब वे समाज में जाकर संदेश देते हैं, तो वह सिर्फ शब्द नहीं, बल्कि परिवर्तन की शुरुआत बनते हैं। पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति जैसे विषयों को एक साथ जोड़कर जागरूकता लाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम का समापन उत्साह, प्रेरणा और संकल्प के साथ हुआ। एन.एस.एस. इकाई के इस प्रयास की सभी ग्रामवासियों एवं महाविद्यालय परिवार द्वारा सराहना की ।

#नशामुक्ति #वृक्षारोपण #जनजागरूकता #नशेसेदूरी #पर्यावरणसंरक्षण