सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :  ब्राजील और अमेरिका के बीच व्यापारिक टकराव गहराता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ब्राजील पर 50% टैरिफ लगाए जाने के बाद ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। लूला ने ट्रंप के साथ वार्ता के प्रस्ताव को ठुकराते हुए स्पष्ट कहा कि वे ट्रंप को फोन नहीं करेंगे, बल्कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से बात करेंगे।

ब्रासीलिया में एक कार्यक्रम के दौरान लूला ने कहा कि टैरिफ लागू होने वाला दिन दोनों देशों के रिश्तों का सबसे दुखद दिन था। उन्होंने कहा कि ब्राजील अब विश्व व्यापार संगठन (WTO) समेत हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने हितों की रक्षा करेगा।

लूला ने ट्रंप पर आरोप लगाया कि वह बातचीत के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मैं शी चिनफिंग को फोन करूंगा, पीएम मोदी को फोन करूंगा। ट्रंप की बजाय हम उन देशों से जुड़ेंगे जो सहयोग को महत्व देते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि भले ही टैरिफ मुद्दे पर तनाव हो, लेकिन वे ट्रंप को नवंबर में ब्राजील में होने वाले COP30 जलवायु सम्मेलन के लिए निमंत्रण देंगे।

लूला ने यह भी स्पष्ट किया कि ब्राजील टैरिफ मुद्दे पर अमेरिका से बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन बातचीत समानता और आपसी सम्मान के आधार पर ही होनी चाहिए।

#लूलादासिल्वा #पीएममोदी #ट्रंप #ब्राजीलअमेरिकाविवाद #टैरिफविवाद #WTO