सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :

तीसरे टी-20 मुकाबले में इंग्लैंड विमेंस टीम ने भारतीय विमेंस टीम को रोमांचक मुकाबले में 5 रन से हराया। द ओवल मैदान पर हुए इस मैच में इंग्लैंड की ओर से ओपनर्स सोफिया डंकले और डेनिएल व्याट हॉज ने शानदार शतकीय साझेदारी कर टीम की जीत की नींव रखी।

इंग्लिश कप्तान टैमी ब्यूमोंट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद डंकले (75 रन, 53 गेंद) और हॉज (66 रन, 42 गेंद) ने पहले विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी कर डाली। इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 171 रन बनाए।

भारतीय बल्लेबाज़ों की संघर्षपूर्ण पारी

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी रही। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 86 रन जोड़े। मंधाना ने 49 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि शेफाली ने 25 गेंदों में 47 रन ठोके। लेकिन इन दोनों के आउट होते ही भारत की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई।

जेमिमा रोड्रिग्स (20 रन) और हरमनप्रीत कौर (23 रन) ने प्रयास किया, लेकिन आखिरी ओवर में भारत को 12 रन की जरूरत थी, और टीम सिर्फ 6 रन ही बना पाई। इस तरह इंग्लैंड ने यह मुकाबला 5 रन से जीत लिया और सीरीज 2-2 से बराबर कर दी।

भारतीय गेंदबाज़ों का प्रदर्शन

भारत की ओर से अरुंधति रेड्डी और दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट लिए। श्री चरनी ने भी दो विकेट झटके, हालांकि 4 ओवरों में उन्होंने 43 रन लुटा दिए।