सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली और बॉम्बे हाई कोर्ट को शुक्रवार को बम धमकी मिली, लेकिन जांच में यह झूठी निकली। दिल्ली हाई कोर्ट को भेजे ईमेल में बताया गया कि कोर्ट रूम में तीन बम रखे गए हैं और दोपहर 2 बजे तक परिसर खाली करने को कहा गया। सुरक्षा बलों ने तत्काल कोर्ट परिसर खाली कराया और बम स्क्वॉड ने तलाशी ली। मुंबई हाई कोर्ट को भी इसी प्रकार की धमकी प्राप्त हुई और वहां भी तुरंत सुरक्षा जांच की गई।
दोनों जगहों पर करीब 2 घंटे तक तलाशी चली, लेकिन किसी भी विस्फोटक का पता नहीं चला। इस बीच बिहार में भी बम ब्लास्ट की चेतावनी मिली। बिहार पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी और अलर्ट जारी किया।
इन धमकियों के पीछे संभावित पाकिस्तानी हैंडल और आतंकवादी संगठन की भूमिका बताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
पिछले कुछ महीनों में दिल्ली और बेंगलुरु के कई स्कूलों को भी बम धमकी मिली थी। इनमें द्वारका, रोहिणी, पश्चिम विहार और हौज खास के स्कूल शामिल थे। जांच में पाया गया कि कई धमकियां छात्रों द्वारा भेजी गई थीं, जिनका मकसद परीक्षा टालवाना था।
सुरक्षा एजेंसियों ने कहा है कि यह घटनाएं समाज में भय फैलाने के लिए की जाती हैं, लेकिन सतर्कता और जांच से किसी अप्रिय घटना को रोका जा सकता है।
#दिल्लीहाईकोर्ट #मुंबईहाईकोर्ट #बमधमकी #सुरक्षालतर्क #बिहारअलर्ट