सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल   /   बिहार  :   चुनावी साल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहारवासियों को बड़ा तोहफा देते हुए शिक्षक भर्ती में डोमिसाइल नीति लागू करने का ऐलान किया है। अब शिक्षक नियुक्ति में बिहार के स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलेगी। यह नीति टीआरई-4 से ही प्रभावी होगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि नवंबर 2005 से ही उनकी सरकार राज्य में शिक्षा प्रणाली के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अब डोमिसाइल के आधार पर बिहार के निवासियों को शिक्षक नियुक्तियों में प्राथमिकता देने के लिए नियमों में बदलाव किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, टीआरई -5 के पहले STET का आयोजन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

महिलाओं के लिए डोमिसाइल नीति पहले ही लागू कर दी गई है, जिसके तहत अब केवल बिहार की महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण का लाभ मिलेगा।

नीतीश सरकार ने चुनावी वर्ष में एक के बाद एक कई बड़ी घोषणाएं की हैं। इनमें आशा और ममता कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि, 125 यूनिट फ्री बिजली, 1 करोड़ नौकरियों का वादा, 8000 पंचायतों में विवाह भवन, युवाओं के लिए 6000 रुपये मासिक इंटर्नशिप, दीदी की रसोई की थाली 20 रुपये में, बस खरीदने पर 20 लाख की सहायता, लोक कला संरक्षण के लिए गुरु-शिष्य योजना, दिव्यांगों के लिए सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना और पत्रकारों की पेंशन में वृद्धि जैसे फैसले शामिल हैं।

नीतीश कुमार की ये घोषणाएं राज्य में विकास, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार सृजन को मजबूती देने वाली कही जा रही हैं।

#बिहार_शिक्षक_भर्ती #डोमिसाइल_नीति #नीतीश_कुमार #बिहार_सरकार #चुनाव_2025