सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल   /   दिल्ली  :   आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को छापा मारा। यह कार्रवाई मनीलॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ी है, जो कथित तौर पर 5,590 करोड़ रुपये के अस्पताल निर्माण घोटाले से संबंधित है।

सूत्रों के अनुसार, ईडी ने दिल्ली में लगभग 12 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। आरोप है कि साल 2018-19 में दिल्ली सरकार ने 24 अस्पतालों के निर्माण के लिए बड़ी धनराशि मंजूर की थी। इनमें ICU अस्पताल छह महीने में बनना था, लेकिन तीन साल बाद भी कई परियोजनाएं अधूरी रहीं। इसके बावजूद लगभग 800 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके थे, जबकि केवल 50% कार्य ही पूरा हुआ।

जांच में सामने आया कि कई प्रोजेक्ट्स में ठेकेदारों की भूमिका संदिग्ध है और कुछ स्थानों पर बिना मंजूरी निर्माण कार्य शुरू कर दिए गए। एलएनजेपी  अस्पताल का बजट भी 488 करोड़ से बढ़कर 1,135 करोड़ रुपये पहुंच गया, लेकिन काम में ठोस प्रगति नहीं हुई। इसके अलावा, हॉस्पिटल इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (एचआईएमएस)2016 से लंबित है।

ईडी की छापेमारी पर आम आदमी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह कार्रवाई “ध्यान भटकाने की रणनीति” है। उनका कहना है कि जिस समय की यह जांच है, उस दौरान भारद्वाज किसी मंत्री पद पर नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला पूरी तरह से झूठा और राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित है।

इस कार्रवाई के बाद दिल्ली की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस प्रकरण पर और खुलासे होने की संभावना है।

#सौरभभारद्वाज #ईडीरेड #AAP #दिल्लीराजनीति #अस्पतालघोटाला