सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में सेना की पूर्वी कमान मुख्यालय में आयोजित 16वें संयुक्त कमांडर सम्मेलन का उद्घाटन किया। यह सम्मेलन तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें तीनों सेनाओं के शीर्ष कमांडर सुरक्षा मुद्दों, रणनीति और सैन्य तैयारियों पर विचार-विमर्श करेंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी ने भारतीय सशस्त्र बल विजन 2047 दस्तावेज का भी अनावरण किया। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सशस्त्र बलों की अनुकरणीय भूमिका की सराहना की और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला। यह सम्मेलन सशस्त्र बलों का प्रमुख विचार-मंथन मंच माना जाता है, जहां राष्ट्रीय सुरक्षा और भविष्य की तैयारियों पर गहन मंथन होता है।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, इस तीन दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य भविष्य के लिए सक्षम और तैयार भारतीय सशस्त्र बलों के मार्गदर्शन और रणनीतियों को अंतिम रूप देना है। पीएम मोदी ने उद्घाटन सत्र में भाग लेते हुए सुरक्षा पर बल देने के साथ-साथ सैन्य नेतृत्व को प्रेरित किया।
इस सम्मेलन में चर्चा के प्रमुख विषयों में सैन्य तैयारियों, नई तकनीक, ऑपरेशनल स्ट्रेटेजी और सुरक्षा तंत्र में सुधार शामिल होंगे। साथ ही, भारत की सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करने और भविष्य में चुनौतियों का सामना करने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा।
यह तीन दिवसीय सम्मेलन भारतीय सशस्त्र बलों की तैयारी और राष्ट्र की सुरक्षा को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।