सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अगस्त 2025 के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुना है। सिराज ने इस रेस में न्यूजीलैंड के मैट हेनरी और वेस्टइंडीज के जायडन सील्स को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
सिराज को यह सम्मान इंग्लैंड के खिलाफ एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के लिए दिया गया। उन्होंने ओवल टेस्ट में 9 विकेट झटके, जिसमें पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 5 विकेट शामिल थे। उनकी गेंदबाजी की बदौलत भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 6 रन से हराकर सीरीज 2-2 से बराबर कराई।
पूरी सीरीज में सिराज सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने लगातार 5 टेस्ट मैच खेले और कुल 23 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उन्होंने 185.3 ओवर फेंके और कई बार टीम को संकट से बाहर निकाला।
अन्य नामित खिलाड़ियों में, न्यूजीलैंड के मैट हेनरी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 16 विकेट झटके। वहीं, वेस्टइंडीज के जायडन सील्स ने पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक वनडे सीरीज जीत में 10 विकेट लेकर अहम योगदान दिया।
बता दें कि ICC हर महीने यह अवॉर्ड मेंस और विमेंस कैटेगरी में देती है। खिलाड़ियों का चयन ICC वोटिंग अकादमी और दुनिया भर के फैंस के वोटों से होता है। पिछले महीने यह अवॉर्ड भारत के कप्तान शुभमन गिल को मिला था।
#MohammedSiraj #ICC #PlayerOfTheMonth #Cricket #India