सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :टोक्यो ओलिंपिक में भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाने वाली बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) के कार्यकारी निदेशक रिटायर्ड कर्नल अरुण मलिक पर लैंगिक भेदभाव और अपमानजनक व्यवहार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने खेल मंत्री, साई, IOA और BFI को दो पन्नों की लिखित शिकायत भेजी है।
शिकायत में लवलीना ने आरोप लगाया कि 8 जुलाई को टॉप्स और BFI की एक जूम मीटिंग में कर्नल मलिक ने उनसे चिल्लाकर कहा, “चुप रहो, सिर नीचे रखो और जैसा कहा जाए वैसा करो।” लवलीना ने इसे महिला खिलाड़ियों के प्रति भेदभाव और शक्ति प्रदर्शन करार दिया।
इंडियन ओलंपिक संघ (IOA) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है, जिसमें टॉप्स के CEO नछत्तर सिंह जोहल, शरत कमल और एक महिला वकील शामिल हैं।
दूसरी ओर, कर्नल मलिक ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि उन्हें बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लवलीना हंगरी में ट्रेनिंग और पर्सनल कोच की अनुमति मांग रही थीं, जो नियमानुसार संभव नहीं था।
मामले की जांच जारी है, और रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। लवलीना को 2020 में अर्जुन पुरस्कार से नवाज़ा गया था और वे असम की छठी खिलाड़ी हैं जिन्हें यह सम्मान मिला।
#लवलीनाबोरगोहेन #BFIविवाद #IOAजांच #महिलाखिलाड़ी #ओलंपिक