सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल स्थित बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम-उषा) के तहत “निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं दीक्षारंभ समारोह (सत्र 2025-26)” भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, विधायक कृष्णा गौर, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन तथा कुलगुरु सुरेश कुमार जैन सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत ज्ञान विज्ञान भवन में भूमिपूजन से हुई। इस दौरान 55 करोड़ रुपये की लागत से गर्ल्स हॉस्टल (240 क्षमता), कृषि विभाग, आईटी पार्क और केंद्रीय अनुसंधान तंत्र प्रयोगशाला के निर्माण कार्यों की नींव रखी गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय को कुल 100 करोड़ रुपये की सौगात दी जा रही है, जो शिक्षा और शोध की दिशा में बड़ा कदम है।


कुलगुरु जैन ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय परिवार छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। वहीं, श्रीमती कृष्णा गौर ने इस दिन को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। उच्च शिक्षा मंत्री श्री परमार ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा प्रणाली गरीब और पिछड़े वर्ग के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।


अपने संबोधन में मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि देश तेजी से बदल रहा है और भारत अब किसी भी देश से पीछे नहीं है। उन्होंने छात्रों से नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में सभी रोजगारपरक पाठ्यक्रम आरंभ करने की घोषणा की तथा छात्रों को नि:शुल्क बस सुविधा उपलब्ध कराने का ऐलान किया। उन्होंने फैशन डिजाइनिंग कोर्स शुरू करने का सुझाव भी दिया और कहा कि प्रदेश में एग्रीकल्चर और रेडीमेड गारमेंट इंडस्ट्री में युवाओं के लिए नए अवसर खोले जा रहे हैं।
समारोह में लगभग 1400 छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, सेमेस्टर प्रणाली, कौशल विकास, इंक्यूबेशन सेल, एनएसएस, छात्रवृत्तियों और सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी गई। इस गरिमामय आयोजन ने न केवल विश्वविद्यालय को नई दिशा दी, बल्कि छात्रों को बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित भी किया।

#बरकतउल्ला_विश्वविद्यालय #भोपाल #डॉमोहनयादव #भूमिपूजन #दीक्षारंभ