सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल में आज से दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “वर्तमान में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और प्रबंधन की प्रगति” का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन विश्वविद्यालय एवं सोसाइटी फॉर एडवांस्ड रिसर्च इन प्लांट साइंस, नर्मदापुरम् के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस शैक्षणिक आयोजन में देश-विदेश से ख्यातिप्राप्त वैज्ञानिक, शोधकर्ता और शिक्षाविद भाग ले रहे हैं।

मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रमोद पाटिल, सेवानिवृत्त प्रोफेसर, वनस्पति शास्त्र, भोपाल उपस्थित रहे। अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों में हंगरी से इस्तवान फेकेते एवं यूएई से सुहैब मलिक मौजूद रहे। मंच पर विश्वविद्यालय के कुलपति आर. पी. दुबे, कुलसचिव संगीता जौहरी, सोसाइटी की अध्यक्ष रुचिता श्रीवास्तव एवं विज्ञान संकाय की डीन पूर्वी भारद्वाज ने भी सहभागिता की।

डॉ. प्रमोद पाटिल ने अपने वक्तव्य में विज्ञान, तकनीक और प्रबंधन के तालमेल को ग्रामीण विकास के लिए आवश्यक बताया। डॉ. फेकेते ने अंतरराष्ट्रीय मंचों को वैश्विक सहयोग का केंद्र बताते हुए कहा कि भारत की युवा शक्ति विश्व अनुसंधान में अग्रणी भूमिका निभा सकती है। डॉ. सुहैब मलिक ने बहुविषयक शिक्षा और तकनीकी नवाचार को आज के समय की जरूरत बताया।

कुलपति दुबे ने कहा कि यह सम्मेलन शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों को एक साझा मंच देता है जिससे सतत और समावेशी वैश्विक विकास को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, उद्घाटन सत्र का संचालन नीता घांगरेकर ने किया तथा विस्तृत रिपोर्ट पूर्वी भारद्वाज द्वारा प्रस्तुत की गई। सम्मेलन में देशभर से आए प्रोफेसर्स और छात्रों ने भाग लिया।

#रबीन्द्रनाथटैगोरविश्वविद्यालय #अंतरराष्ट्रीयसम्मेलन #विज्ञानप्रौद्योगिकीप्रबंधन #ICRASTM #शोधऔरनवाचार