सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल के सत्र 2023-24 का दीक्षांत समारोह कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश के राज्यपाल एवं कुलाधिपति मंगू भाई पटेल ने की, जबकि मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री इंद्र सिंह परमार थे।

समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान और वैदिक मंत्रोच्चार से भव्य शोभा यात्रा के साथ हुई। दीप प्रज्वलन उपरांत कुलगुरु सुरेश कुमार जैन ने स्वागत भाषण दिया और विद्यार्थियों को शपथ दिलाई।

इस अवसर पर राज्यपाल पटेल ने विश्वविद्यालय को मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद में ए ग्रेड प्राप्त करने पर बधाई दी और विद्यार्थियों से समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नई शिक्षा नीति और मातृभाषा शिक्षा की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में शुरू करने वाला पहला राज्य है।
उन्होंने बताया कि आज कुल 78 हजार से अधिक छात्रों के सपने साकार हुए, जिनमें 59 हजार ग्रेजुएट, 18 हजार पोस्ट =ग्रेजुएट, 190 पीएचडी और 21 गोल्ड मेडल शामिल हैं।
मंत्री परमार ने विद्यार्थियों को समाज के प्रति संवेदनशील रहने और एनईपी 2020के सफल कार्यान्वयन की जानकारी साझा की। उन्होंने डिजिटल मूल्यांकन और भारतीय ज्ञान परंपरा पर भी जोर दिया। समारोह में कुल 190 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधि और 26 छात्रों को गोल्ड मेडल प्रदान किए गए।
वार्षिक रिपोर्ट और स्मारिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन अनसूया तिवारी और कुलसचिव अनिल शर्मा ने किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
#बरकतउल्लाविश्वविद्यालय #दीक्षांतसमारोह #भोपाल #शिक्षा #विद्यार्थीउपाधि