सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / नई दिल्ली : उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन ने बुधवार को संसद भवन में अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं पहले प्रस्तावक के रूप में मौजूद रहे। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और किरेन रिजिजू सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
नामांकन चार सेटों में दाखिल किया गया, जिनमें प्रत्येक पर 20 प्रस्तावकों और 20 अनुमोदकों के हस्ताक्षर हैं। पहले सेट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम मुख्य प्रस्तावक के तौर पर दर्ज किया गया, जबकि अन्य सेटों पर वरिष्ठ मंत्रियों और नेताओं के हस्ताक्षर हैं। यह व्यापक सहमति और गठबंधन की एकजुटता का प्रतीक माना जा रहा है।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान लगभग 160 सांसद और मंत्री संसद भवन में उपस्थित रहे, जिससे एनडीए उम्मीदवार को व्यापक समर्थन का संदेश गया। राधाकृष्णन के नामांकन का निर्णय हाल ही में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया था।
सी.पी. राधाकृष्णन लंबे समय से भाजपा संगठन और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे हैं और उन्हें दक्षिण भारत से पार्टी का मजबूत चेहरा माना जाता है। उपराष्ट्रपति चुनाव में उनके नामांकन से एनडीए ने स्पष्ट कर दिया है कि वह दक्षिण भारत में अपनी राजनीतिक पैठ और मजबूत करना चाहता है।
#उपराष्ट्रपतिचुनाव2025 #सीपीराधाकृष्णन #एनडीए #पीएममोदी #नामांकन