सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :   नेपाल ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए देश की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में सुशीला कार्की को नियुक्त किया है। काठमांडू में शुक्रवार रात राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

सुशीला कार्की भ्रष्टाचार विरोधी सख्त छवि और न्यायपालिका की स्वतंत्रता की मुखर पैरोकार के रूप में जानी जाती हैं। 2016 में वे नेपाल की पहली महिला चीफ जस्टिस बनी थीं। हालांकि, 2017 में प्रचंड सरकार ने उन्हें हटाने के लिए संसद में महाभियोग लाने की कोशिश की थी, लेकिन जनदबाव और सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप से यह प्रयास असफल रहा।

कार्की के निजी जीवन में भी कई रोचक पहलू रहे हैं। उनके पति दुर्गा प्रसाद सुबेदी ने 1973 में नेपाल का पहला विमान अपहरण कर 32 लाख रुपये की नकदी लूट ली थी, जो उस समय राजशाही विरोधी आंदोलन को समर्थन देने के लिए इस्तेमाल हुई। इसके बावजूद सुशीला कार्की ने अपनी पहचान संघर्ष और न्यायप्रियता के दम पर बनाई।

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शिक्षक के रूप में की थी और आगे चलकर सुप्रीम कोर्ट की कई ऐतिहासिक पीठों का नेतृत्व किया। सरोगेसी पर ऐतिहासिक रोक लगाने वाले उनके फैसले ने नेपाल को “सरोगेसी टूरिज्म” बनने से बचाया।

कार्की का भारत से गहरा नाता रहा है। वे बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) की पूर्व छात्रा हैं और भारत-नेपाल संबंधों को आत्मीयता और परिवार जैसे रिश्तों पर आधारित बताती हैं। उनकी नियुक्ति से नेपाल की राजनीति में नया अध्याय जुड़ गया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह महिला नेतृत्व के सशक्तिकरण की मिसाल पेश कर रहा है।

#नेपाल #सुशीला_कार्की #महिला_प्रधानमंत्री #नेपाल_राजनीति #भारतनेपाल_संबंध