सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : समाजवादी पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने वरिष्ठ समाजसेवी, संगठनकर्ता एवं जनआंदोलनकारी इंजीनियर ए.पी. पटेल को पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इंजीनियर पटेल का जीवन शुरू से ही सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के उत्थान को समर्पित रहा है। वे लोक निर्माण विभाग से इंजीनियर रहते हुए भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे और सेवानिवृति के बाद पूर्णकालिक रूप से समाजसेवा व जनसंगठन कार्यों में सक्रिय हो गए।
उन्होंने समय-समय पर विभिन्न संगठनों और आंदोलनों के माध्यम से पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति-जनजाति, किसान, मजदूर और युवाओं की आवाज बुलंद की तथा प्रदेश सलाहकार सदस्य म.प्र. कांग्रेस कमेटी (पिछड़ा वर्ग विभाग), अध्यक्ष सर्वजन न्याय मंच, उपाध्यक्ष मध्यप्रदेश किसान समाज, अध्यक्ष भारतीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन, उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, राष्ट्रीय अध्यक्ष (अपाक्स) भारतीय अनुसूचित जाति-जनजाति संगठन और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पत्रकार नागरिक मंच मध्यप्रदेश जैसी अनेक जिम्मेदारियाँ निभाते हुए समाज में गहरी पैठ बनाई है। पत्रकारिता और लेखन के क्षेत्र में भी वे सक्रिय रहे और ‘दैनिक जस्टिस ऑफ वर्ल्ड’ जैसे प्रकाशनों के माध्यम से सामाजिक मुद्दों को मुखर किया।
उनकी नियुक्ति पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि इंजीनियर ए.पी. पटेल जैसे कर्मठ, अनुभवी और जुझारु कार्यकर्ता का संगठन में आना हम सभी के लिए ऊर्जा का स्रोत है और उनके अनुभव से समाजवादी पार्टी मध्यप्रदेश और अधिक मजबूत होगी।
नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इंजीनियर पटेल ने कहा कि वे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव के आभारी हैं और समाजवादी विचारधारा पीडीए को गाँव-गाँव, गली-गली तक पहुँचाने, वंचितों को उनका अधिकार दिलाने तथा युवाओं को राजनीति में सशक्त भागीदारी दिलाने के लिए निरंतर समर्पित रहेंगे।
#समाजवादीपार्टी #एपीपटेल #प्रदेशउपाध्यक्ष #राजनीति