सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सोनीपत की होनहार पहलवान काजल ने बुल्गारिया के समोकोव में आयोजित U-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया। टैक्सी ड्राइवर की बेटी काजल ने 72 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में चीन की पहलवान यूकी लियू को 8-6 से हराकर यह खिताब अपने नाम किया। यह जीत खास इसलिए भी है क्योंकि यह काजल का लगातार दूसरा वर्ल्ड गोल्ड है। इससे पहले वह 2024 में अंडर-17 कैटेगरी में भी विश्व चैंपियन बनी थीं।
काजल की सफलता संघर्ष और कड़ी मेहनत की कहानी बयां करती है। सोनीपत के लाठ गांव की रहने वाली काजल ने 9 साल की उम्र में कुश्ती की शुरुआत की थी। उनके पिता टैक्सी चलाकर बेटी के सपनों को संवार रहे हैं, वहीं चाचा कृष्ण पहलवान ने उन्हें खेल के लिए प्रेरित किया। काजल ने महज 16 साल की उम्र में 16 बार भारत केसरी का खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा साबित कर दी थी।
इस जीत के बाद गांव में जश्न का माहौल है। उनके सम्मान में लाठ गांव में भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है। काजल का सपना अब 2028 ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर भारत का मान बढ़ाना है।
काजल की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि वह भविष्य में भारत की सबसे बड़ी पहलवानों में गिनी जाएंगी।
#काजल #सोनीपत #विश्वकुश्तीचैंपियनशिप #गोल्डमेडल #भारतकीबेटी