सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल   :   भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान और नॉर्थ जोन के लीडर शुभमन गिल का दलीप ट्रॉफी 2025 में खेलना अब मुश्किल नजर आ रहा है। गिल को 28 अगस्त से बेंगलुरु में शुरू होने वाली इस प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट के लिए नॉर्थ जोन का कप्तान चुना गया था। लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक, हाल ही में हुए उनके ब्लड टेस्ट के बाद मेडिकल टीम ने उन्हें आराम की सलाह दी है।

25 वर्षीय गिल इस समय चंडीगढ़ स्थित अपने घर पर आराम कर रहे हैं। वे एशिया कप 2025 में भारतीय टीम के उपकप्तान के रूप में शामिल होंगे। टीम इंडिया 4 या 5 सितंबर को दुबई रवाना होगी, जबकि एशिया कप का आगाज 9 सितंबर से होना है। ऐसे में भले ही गिल पूरी दलीप ट्रॉफी में हिस्सा न ले पाते, लेकिन अब उनकी गैरमौजूदगी की पुष्टि लगभग हो गई है।

गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में हुई पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया था, जिसमें उन्होंने 4 शतक लगाकर 754 रन बनाए थे। शानदार फॉर्म में होने के बावजूद स्वास्थ्य कारणों से उनका बाहर होना नॉर्थ जोन के लिए बड़ा झटका है।

नॉर्थ जोन टीम प्रबंधन ने गिल की जगह शुभम रोहिल्ला को स्क्वॉड में शामिल करने का निर्णय लिया है, जबकि अंकित कुमार उपकप्तान से कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे। टीम में अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं, लेकिन वे भी केवल शुरुआती मैच ही खेल पाएंगे, क्योंकि उन्हें एशिया कप के लिए नेशनल टीम से जुड़ना है।

इस बार दलीप ट्रॉफी पुराने जोन-आधारित फॉर्मेट में लौट आई है और इसके साथ ही भारत का डोमेस्टिक सीजन भी शुरू होगा।

#शुभमनगिल #दलीपट्रॉफी #एशियाकप2025 #भारतीयक्रिकेट