सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :  भारतीय बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने हॉन्ग कॉन्ग ओपन में मेन्स डबल्स के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी ने चाइनीज ताइपे के चेन चेंग कुआन और लिन बिंग-वेई को सीधे गेम में मात दी। पहले गेम में भारतीय जोड़ी ने 21-17 से और दूसरे गेम में 21-15 से जीत दर्ज की।

क्वार्टर फाइनल में सात्विक-चिराग ने मलेशिया की जोड़ी जुनैदी अरिफ और रॉय किंग याप को तीन गेम वाले मुकाबले में हराया। पहले गेम में भारतीय जोड़ी ने 21-14 से जीत हासिल की, जबकि दूसरे गेम में 20-22 से हार गई। तीसरे निर्णायक गेम में सात्विक-चिराग ने 21-16 से जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। यह मुकाबला एक घंटे से अधिक समय तक चला।

साथ ही, लक्ष्य सेन ने भी मेंस सिंगल्स के सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई। उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी आयुष शेट्टी को 21-16, 17-21, 21-13 से हराया। पहले गेम में लक्ष्य ने 21-16 से जीत दर्ज की, जबकि दूसरे गेम में आयुष ने 21-17 से वापसी की। निर्णायक गेम में लक्ष्य ने 21-13 से जीतते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। लक्ष्य अब ताइवान के चाउ तिएन चेन से भिड़ेंगे।

इस साल यह लक्ष्य का दूसरा सेमीफाइनल है। वहीं सात्विक-चिराग ने हाल ही में वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल भी जीता था।

#सात्विकचिराग #लक्ष्यसेन #हॉन्गकॉन्गओपन #बैडमिंटन2025