सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल   लखनऊ  / संभल  :  उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हिंसा की जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 450 पन्नों की रिपोर्ट सौंपी है। इस आयोग में इलाहाबाद हाईकोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस देवेंद्र कुमार अरोड़ा, रिटायर्ड आईएएस  अमित मोहन और रिटायर्ड आईपीएस  अरविंद कुमार जैन शामिल थे।

रिपोर्ट में केवल 24 नवंबर, 2024 को हुई हिंसा का ही उल्लेख नहीं है, बल्कि संभल में पिछले वर्षों में हुए दंगों का भी ब्यौरा दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, बार-बार दंगों के कारण संभल नगर निगम क्षेत्र में हिंदू आबादी लगातार घटती गई है। वर्तमान में यहां केवल 15 प्रतिशत हिंदू आबादी बची है, जबकि आज़ादी के समय यह 45 प्रतिशत थी। पिछले 78 वर्षों में लगभग 30 प्रतिशत हिंदू आबादी कम हो गई है।

रिपोर्ट में कहा गया कि संभल में अब तक 15 दंगे हो चुके हैं और जबरन धर्मांतरण की घटनाएं भी सामने आई हैं। नागरिकों के बयान के अनुसार, कुछ मुस्लिम समूहों ने हिंदुओं को धमकाया और उनकी संपत्तियों पर कब्जा किया। लोग डर और धमकी के कारण अपना धर्म बदलने को मजबूर हुए।

न्यायिक आयोग ने लखनऊ में सीएम योगी से मुलाकात कर रिपोर्ट सौंपी। इसे कैबिनेट में पास कराने के बाद विधानसभा पटल में रखा जाएगा। आयोग ने सभी गवाहों के बयान लेकर और ऐतिहासिक साक्ष्यों का विश्लेषण कर रिपोर्ट तैयार की है।

#संभलहिंसा #न्यायिकआयोग #योगीआदित्यनाथ #हिंदूआबादी #उत्तरप्रदेश