सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल   : यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध लगातार खतरनाक मोड़ लेता जा रहा है। बुधवार रात रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर ताबड़तोड़ मिसाइल हमले किए, जिनसे यूरोपीय यूनियन (ईयू) के प्रतिनिधिमंडल भवन को भारी नुकसान हुआ है। यूरो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक इस हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों घायल हुए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, हमले के दौरान कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं, जिनमें यूरोपीय यूनियन का प्रतिनिधिमंडल भवन भी शामिल है। हालांकि राहत की बात यह है कि ईयू भवन पर हुए हमले में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। यूक्रेन में यूरोपीय यूनियन की राजदूत माथेरनोवा ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और कहा कि रूस की यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने भी इस हमले को अमानवीय करार दिया और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रूस के खिलाफ और सख्त कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रूस लगातार नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहा है, जिससे मासूम लोगों की जान जा रही है।

कीव में यह हमला ऐसे समय पर हुआ है जब यूरोप और नाटो देश पहले से ही रूस पर नए प्रतिबंध लगाने की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि रूस की आक्रामकता यूक्रेन युद्ध को और लंबा खींच सकती है और इसका असर वैश्विक राजनीति व अर्थव्यवस्था पर गहराई से पड़ेगा।

#रूस #यूक्रेनयुद्ध #कीवहमला #यूरोपीययूनियन #जेलेंस्की