सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / कोलकाता : कोलकाता को दुर्गा पूजा से पहले एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को 5200 करोड़ रुपये की बुनियादी परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिसमें तीन नए मेट्रो रूट भी शामिल हैं। इन परियोजनाओं से कोलकाता का मेट्रो नेटवर्क और मजबूत होगा तथा यात्रियों की सुविधा में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।
नई मेट्रो सेवाओं की शुरुआत से प्रतिदिन लगभग 9.15 लाख से अधिक यात्री लाभान्वित होंगे। हावड़ा से सियालदह स्टेशन तक अब केवल 9 मिनट में यात्रा संभव होगी, जो पहले समय और ट्रैफिक की वजह से काफी चुनौतीपूर्ण था। इसके अलावा, कोलकाता एयरपोर्ट भी मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएगा, जिससे हवाई यात्रियों को सीधा और आसान कनेक्शन मिलेगा।
इन तीनों नए खंडों का उद्घाटन ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि यह कोलकाता की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देगा। शहर के हर कोने तक पहुंचना अब आसान हो जाएगा, जिससे न केवल आम यात्रियों बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी लाभ मिलेगा।
ज्ञात हो कि भारत में मेट्रो सेवा की शुरुआत सबसे पहले कोलकाता में ही वर्ष 1984 में हुई थी। अब एक ही दिन में लगभग 14 किलोमीटर लंबे नए नेटवर्क का शुभारंभ कर शहर ने मेट्रो इतिहास में एक और उपलब्धि दर्ज कर ली है। बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह परियोजना राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
#कोलकातामेट्रो #पीएममोदी #नएरेलखंड #दुर्गापूजा #पश्चिमबंगाल