सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शारजाह में खेले गए टी-20 ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को 39 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के नायक रहे कप्तान सलमान आगा और तेज गेंदबाज हरिस रऊफ।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 182 रन बनाए। सलमान आगा ने 36 गेंदों पर 53 रन की दमदार पारी खेली और टी-20 इंटरनेशनल में अपनी 8वीं फिफ्टी पूरी की। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। उनके अलावा मोहम्मद नवाज ने 11 गेंदों पर 21 रन बनाए, जबकि साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने क्रमशः 21 और 20 रन का योगदान दिया।
अफगानिस्तान की ओर से फरीद अहमद सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 47 रन देकर 2 विकेट लिए। राशिद खान, मोहम्मद नबी, मुजीब उर रहमान और अजमतुल्लाह उमरजाई को 1-1 सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगान टीम 19.5 ओवर में 143 रन पर ऑल आउट हो गई। अफगानिस्तान की ओर से कप्तान राशिद खान ने 16 गेंदों पर 39 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली जिसमें 5 छक्के शामिल थे, जबकि रहमुनुल्लाह गुरबाज ने 27 गेंदों पर 38 रन बनाए। हालांकि, बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके।
गेंदबाजी में पाकिस्तान के स्टार हरिस रऊफ छा गए। उन्होंने 4 विकेट झटके और मैच का रुख पलट दिया। यह उनके करियर का पांचवां मौका था जब उन्होंने टी-20 में 4 विकेट लिए। शाहीन अफरीदी, मोहम्मद नवाज और सुफियान मुकीम ने भी 2-2 विकेट हासिल किए।
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने ट्राई सीरीज की शानदार शुरुआत की। टीम अपना अगला मुकाबला शनिवार को मेजबान UAE के खिलाफ खेलेगी।
#पाकिस्तान #अफगानिस्तान #ट्राईसीरीज2025 #सलमानआगा #हरिसरऊफ