सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :  भारत के ब्रह्मोस मिसाइल और S-400 डिफेंस सिस्टम की जबरदस्त ताकत ने पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व में खौफ पैदा कर दिया है। इसी डर के चलते पाकिस्तान अब एक नया “रॉकेट फोर्स” बनाने जा रहा है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस्लामाबाद में इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि यह फोर्स अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगी और देश की सुरक्षा को नए स्तर पर ले जाएगी।

हालांकि शहबाज शरीफ ने सीधे भारत का नाम नहीं लिया, लेकिन एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने साफ किया कि यह फोर्स खासतौर पर भारत के खिलाफ युद्ध की तैयारियों के लिए बनाई जा रही है। इस नई आर्मी रॉकेट फोर्स का अपना अलग कमांड होगा, जो मिसाइलों की तैनाती और संचालन का जिम्मा संभालेगा।

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की यह रणनीति भारत के ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल और S-400 एयर डिफेंस सिस्टम जैसी आधुनिक क्षमताओं के जवाब में है। ब्रह्मोस की तेज रफ्तार और S-400 की मिसाइल इंटरसेप्ट करने की क्षमता को पाकिस्तान अपनी सैन्य रणनीति के लिए गंभीर खतरा मानता है।

पाकिस्तानी सेना का मानना है कि आधुनिक मिसाइल फोर्स होने से पारंपरिक युद्ध में उसकी स्थिति मजबूत होगी और वह भारत की बढ़ती सैन्य शक्ति का संतुलन बना सकेगी। यह कदम पाकिस्तान के मिसाइल कार्यक्रम को और अधिक आक्रामक और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

#पाकिस्तान #रॉकेटफोर्स #ब्रह्मोस #S400 #भारतीयएयरफोर्स