सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के तात्या टोपे मंडल महिला मोर्चा द्वारा “मां हीरा बेन सम्मान 2025” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक भगवानदास सबनानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।सम्मान समारोह के प्रथम वर्ष में यह गौरव ममता चौहान को प्राप्त हुआ।

ममता चौहान की बेटी पायल चौहान ने अपने प्रथम प्रयास में ही कंपनी सेक्रेटरी कार्यकारी प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के पीछे उनकी मां ममता चौहान की कड़ी मेहनत और समर्पण को मान्यता देते हुए उन्हें “मां हीरा बेन सम्मान” से सम्मानित किया गया। विधायक भगवानदास सबनानी ने उन्हें श्रीफल, प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपए की सम्मान निधि प्रदान की। इस अवसर पर विधायक सबनानी ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि पायल चौहान ने कठिन परीक्षा में सफलता पाकर समाज को प्रेरित किया। उन्होंने ममता चौहान की लगन को उदाहरण बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने अपनी बेटी को लक्ष्य तक पहुंचाया।
उन्होंने पायल को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष कविता जैन अनुरागी ने की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान हमारे क्षेत्र की माताओं की प्रेरणा और योगदान का प्रतीक है। इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पार्षद ब्रजुला सचान, मंडल अध्यक्ष सोनू पालीवाल, जोन अध्यक्ष एवं पार्षद आरती राजू अनेजा, मंडल महामंत्री आशा पारोचे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
#मांहीराबेनसम्मान #ममताचौहान #सेवापखवाड़ा #महिलासशक्तिकरण #भाजपा