सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :  टीवी का पॉपुलर शो कौन बनेगा करोड़पति अपने 17वें सीजन के साथ 11 अगस्त 2025 से फिर से दर्शकों के बीच लौट आया है। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के होस्टिंग वाले इस शो का पहला एपिसोड शुरू होते ही दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर गया। इस सीजन के पहले प्रतियोगी बने उत्तर प्रदेश, लखनऊ के मनवप्रीत सिंह, जिन्होंने हॉटसीट पर पहुंचते ही एक अजीबो-गरीब इच्छा जाहिर कर दी।

मनवप्रीत ने अमिताभ बच्चन से कहा कि उनकी ख्वाहिश है कियारा आडवाणी का ड्राइवर बनने की। उनकी यह बात सुनते ही न केवल बिग बी, बल्कि वहां मौजूद दर्शक भी जोर-जोर से हंसने लगे। जब अमिताभ ने वजह पूछी तो मनवप्रीत ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर वह कियारा के ड्राइवर बन गए, तो उन्हें हर दिन उनके साथ वक्त बिताने का मौका मिलेगा।

सोनी टीवी द्वारा जारी प्रोमो में यह मजेदार पल खूब वायरल हो रहा है। मनवप्रीत की हाजिरजवाबी और बेबाकी ने शो की शुरुआत को और भी मनोरंजक बना दिया। उन्होंने तेजी से ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ राउंड जीतकर हॉटसीट पर जगह बनाई और खेल में शानदार प्रदर्शन किया।

KBC 17 में इस बार फॉर्मेट में कुछ नए बदलाव किए गए हैं, जो दर्शकों को और भी ज्यादा एंटरटेन करने वाले हैं। मनवप्रीत की यह अनोखी विश सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है, और अब देखने वाली बात होगी कि आगे वह खेल में कितनी बड़ी राशि जीत पाते हैं।

#कियारा_आडवाणी #KBC17 #अमिताभ_बच्चन #मनवप्रीत_सिंह #टीवी_शो