सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत और अमेरिका के बीच कूटनीतिक स्तर पर नई बातचीत शुरू हुई है। भारत के अमेरिका में राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अमेरिकी सांसद जोश गॉटथीमर से मुलाकात की और व्यापारिक संबंधों पर चर्चा की। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब रूस से तेल आयात को लेकर अमेरिका में भारत की आलोचना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, क्वात्रा और गॉटथीमर ने ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग, खासकर तेल और गैस व्यापार पर ताजा अपडेट साझा किए। साथ ही दोनों नेताओं ने आपसी फायदे वाले, संतुलित और निष्पक्ष व्यापारिक रिश्तों की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस बैठक को भारत की ओर से ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए टैरिफ और अमेरिका में रूस से जुड़े तेल विवादों का कूटनीतिक तोड़ माना जा रहा है। भारत की रणनीति है कि अमेरिका के भीतर ही ऐसे नेताओं और सांसदों से संवाद बढ़ाया जाए जो आपसी सहयोग को मजबूत करने में मददगार साबित हो सकते हैं।
क्वात्रा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्होंने गॉटथीमर, जो नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी और साइबर सबकमिटी के सदस्य हैं, के साथ रचनात्मक बातचीत की और ऊर्जा सहयोग में हालिया घटनाक्रम साझा किए।
बताया जा रहा है कि क्वात्रा ने सीनेटर जॉन कॉर्निन और सांसद बैर से भी मुलाकात की है। इन बैठकों को भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक व ऊर्जा सहयोग को नई दिशा देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
#भारतअमेरिका #कूटनीति #ऊर्जासहयोग #तेलव्यापार #DiplomaticTalks